
NEET Re-Exam से पहले बड़ी चूक! नागपुर के छात्र को मिला आबू धाबी का परीक्षा केंद्र, NTA ने मानी गलती
भारत में आवेदन, पासपोर्ट भी नहीं; एडमिट कार्ड में UAE का सेंटर देखकर छात्र और परिवार हैरान
देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाले NEET UG Re-Exam से ठीक पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब के एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के आबू धाबी में दर्शा दिया गया।
छात्र और उसके परिवार के मुताबिक, आवेदन के समय परीक्षा केंद्र के लिए भारत का ही विकल्प चुना गया था। हैरानी की बात यह है कि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना संभव ही नहीं है। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद परिवार के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल NTA से संपर्क किया।
मामले की जानकारी मिलने पर NTA ने तकनीकी त्रुटि स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि एडमिट कार्ड में जल्द सुधार किया जाएगा। परिवार को भेजे गए ई-मेल में एजेंसी ने बताया है कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी कर छात्र को भारत में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा।
परीक्षा से एक दिन पहले सामने आई इस गड़बड़ी ने परीक्षा व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि NTA का कहना है कि छात्र को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और समय रहते समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
Jamui, Jamui | Jun 20, 2026