
उदयपुर में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, 6 घंटे में खुलासा
उदयपुर। सुखेर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर युवक के अपहरण के मामले का पुलिस ने मात्र 6 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत युवक कमलेश को सकुशल बरामद कर लिया। वारदात में प्रयुक्त मारुति ईको कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, कमलेश सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गया था। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी स्कूटी को कार से टक्कर मारी और उसे जबरन कार में डालकर ले गए। मामले की रिपोर्ट सुखेर थाने में दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों का पीछा किया और देलवाड़ा क्षेत्र के गुडली व खमनोर के जंगलों में दबिश दी। पुलिस के दबाव के चलते आरोपी कमलेश से जमीन की रजिस्ट्री कराने की योजना में सफल नहीं हो सके।
पुलिस ने मामले में चार महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी
मंजु डांगी, शिवम डांगी, कंकु बाई डांगी, निर्मला मीणा, जया मीणा और प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई में सुखेर थाना पुलिस और डीएसटी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में सीओ पश्चिम राजेश यादव, थानाधिकारी अमर सिंह, उप निरीक्षक भोपाल सिंह, सउनि हरीश चन्द्र सनाढ्य सहित पुलिसकर्मी तथा डीएसटी प्रभारी भरत योगी और उनकी टीम शामिल रही।