
बिलासपुर में 10.50 ग्राम चिट्टे के साथ तीन युवक गिरफ्तार, बैकवर्ड लिंक पर मुख्य सप्लायर भी दबोचा
बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.50 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच में सामने आए बैकवर्ड लिंक के आधार पर पुलिस ने पंजाब निवासी कथित मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने स्वारघाट क्षेत्र के केंचीमोड़ में नाकाबंदी के दौरान एक कार को चेकिंग के लिए रोका। कार में सवार प्रेम लाल (31), ललित कुमार (41) और चमन लाल (30), सभी निवासी सकरोहा, तहसील एवं थाना बल्ह, जिला मंडी, के कब्जे से 10.50 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना स्वारघाट में अभियोग संख्या 67/2026, दिनांक 07-09-2026, धारा 21, 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पंजाब निवासी मलविंद्र सिंह (31) पुत्र जसविंद्र सिंह, निवासी सुधा माजरा, जिला SBS नगर, पंजाब की कथित तौर पर चिट्टे के मुख्य सप्लायर के रूप में संलिप्तता सामने आई।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्वारघाट पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर मलविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मलविंद्र सिंह पुलिस की निगरानी से बचने के लिए अन्य लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। चिट्टे की बिक्री से प्राप्त रकम पहले अपने साथियों के खातों में डलवाने और उसके बाद उन खातों से अपने खाते में ट्रांसफर करवाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस इस वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मलविंद्र सिंह के खिलाफ पंजाब में पहले से NDPS Act के तहत दो मामले दर्ज हैं। इनमें पुलिस थाना सदर रूपनगर में दर्ज मुकदमा संख्या 57/2025, धारा 21, 29, 27-61-85 NDPS Act के तहत 100 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। वहीं पुलिस थाना बडाली आला सिंह में दर्ज मुकदमा संख्या 49/2022, धारा 21, 61-85 NDPS Act के तहत 4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, NDPS मामलों में बैकवर्ड लिंक जांच के जरिए नशे की खेप के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पहचान कर उसे तोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मामले में आगामी जांच जारी है।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #UTNews #BilaspurNews #Swarghat #HimachalNews #Chitta #Heroin #NDPSAct #DrugFreeHimachal