
बीच-बचाव करना पड़ा भारी...
शिकायत देकर लौटते ही जतिन और मोहित को घेरकर चाकू-डंडों से हमला
ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने तथा जान से खत्म करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान दीपक और विशाल उर्फ कलूरी के रूप में हुई है।
दीपक मूल रूप से प्रेम नगर, सेक्टर-18 का निवासी है और फिलहाल जीवन नगर में रह रहा था। विशाल उर्फ कलूरी बसेलवा कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद का रहने वाला है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बीच-बचाव करने पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, शेखर और उसके साथी पीड़ित की दुकान के पास किसी अन्य युवक से मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान जतिन सैनी वहां पहुंचा और उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
इस बात को लेकर जतिन की शेखर और उसके साथियों से कहासुनी हो गई। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद की रंजिश में आरोपियों ने बाद में जतिन और उसके साथियों पर हमला किया।
शिकायत देकर लौटते समय दोबारा घेरा
गढ़ी मोहल्ला निवासी रवि सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अगस्त 2026 की शाम करीब छह बजे उसके चचेरे भाई जतिन सैनी के साथ शेखर, अन्नू और अन्य युवकों ने मारपीट की थी। इस घटना की शिकायत जतिन ने ओल्ड फरीदाबाद थाने में दी थी।
आरोप है कि शिकायत देने के बाद रवि, जतिन और मोहित घर लौट रहे थे। सरकारी स्कूल के पास करीब आठ से नौ युवकों ने उन्हें दोबारा घेर लिया। इसके बाद जतिन और मोहित पर लाठी-डंडों तथा चाकू से हमला किया गया।
शेखर पर चाकू से हमला करने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि शेखर, दीपक, विशाल और अन्य आरोपी कथित रूप से मारपीट में शामिल थे। मुख्य आरोपी शेखर पर चाकू से हमला करने का आरोप है। घटना के संबंध में ओल्ड फरीदाबाद थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मुख्य आरोपी सहित तीन पहले हो चुके काबू
पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी शेखर सहित तीन आरोपियों को पहले ही काबू किया जा चुका है। अब दीपक और विशाल उर्फ कलूरी को भी हिरासत में लिया गया है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।