
#नालंदा - रहुई के विभिन्न छठ घाटों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा; अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को एसडीएम किसलय श्रीवास्तव और सदर डीएसपी-2 राकेश रंजन ने रहुई प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अंबा पंचायत के देकपुरा स्थित मंगराही छठ घाट, पतासंग पंचायत के कादी बीघा स्थित छठ घाट, इतासंग पंचायत के इतासंग स्थित छठ घाट के अलावा रहुई नगर पंचायत के दो छठ घाटों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
एसडीएम किसलय श्रीवास्तव ने संबंधित पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की समुचित साफ-सफाई कराई जाए। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों को दुरुस्त रखने के साथ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि शाम और सुबह के अर्घ्य के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। उन्होंने घाटों के आसपास बिजली के जर्जर तारों को दुरुस्त कराने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
इसके अलावा घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी पूरी रखी जाए। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अंबा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अविनाश प्रसाद ने बताया कि देकपुरा के मंगराही स्थित छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाट की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
वहीं, इतासंग पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रौशन कुमार ने बताया कि इतासंग स्थित छठ घाट पर भी प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। छठ पूजा के अवसर पर यहां मेले का भी आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के गांवों से लोग पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए घाट पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर बीडीओ धर्मराज कुमार, अंचलाधिकारी राजकमल समेत अन्य पदाधिकारी, कर्मी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Rahui, Nalanda | Nov 10, 2026