
भागलपुर, दिनांक: 17 जुलाई 2026, बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आगामी 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा, जो 26 जुलाई 2026 को आयोजित होगी, के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर राज्य के सभी जिलाधिकारियों एवं वरीय पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि राज्यभर के 996 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5.15 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु सभी जिलों को आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
आयोग के अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कदाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को आपसी समन्वय से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुदृढ़ सुरक्षा एवं अनुशासित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए—
* सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन एवं बहुस्तरीय फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाएगी।
* परीक्षा केंद्र परिसर में अभ्यर्थियों एवं अधिकृत परीक्षा कर्मियों के अतिरिक्त किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
* बायोमेट्रिक सत्यापन परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार के बाहर ही कराया जाएगा, ताकि केंद्र के भीतर भीड़ न हो तथा प्रवेश प्रक्रिया सुचारु बनी रहे।
* प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पूर्ण अनुशासन, सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था एवं निर्बाध प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
* निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रवेश समय के पालन में पूर्ण कठोरता बरती जाएगी।
* सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
* परीक्षा केंद्रों एवं उसके आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक सभी एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई अभ्यर्थी, परीक्षा कर्मी अथवा अन्य व्यक्ति कदाचार, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाएगी। साथ ही आयोग के प्रावधानों के अनुसार उसे भविष्य की बीपीएससी परीक्षाओं से डिबार (Debar) करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक के अंत में आयोग के अध्यक्ष ने सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा के प्रत्येक चरण की व्यक्तिगत निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो तथा प्रत्येक अभ्यर्थी को समान एवं सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
Banka District Administration