
भीमपुरा थाना में मुकदमे से नाम निकलवाने के नाम पर 22 हजार लेने का आरोप, बयान वायरल होने के बाद रकम लौटाई
#बलिया: भीमपुरा थाना क्षेत्र के दिलमन मधुकीपुर निवासी सीताराम चौहान ने आरोप लगाया कि गांव में हुए एक विवाद में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। बावजूद विपक्षी द्वारा दर्ज कराए गए #एफआईआर में उनका नाम शामिल करा दिया गया। मुकदमे से नाम निकलवाने के नाम पर क्षेत्र के एक चर्चित और बदनाम व्यक्ति ने कथित रूप से उनसे ₹22 हजार लिए, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम मुकदमे से नहीं निकला।
सीताराम के अनुसार, उन्होंने यह रकम उधार लेकर दी थी और उस पर प्रतिदिन ₹100 ब्याज भी देना पड़ रहा था। काफी समय बाद भी जब मुकदमे से नाम नहीं निकला तो उन्होंने अपनी परेशानी सामने रखी। मामले में उनका बयान सोशल मीडिया पर #वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। शनिवार की शाम वीडियो जारी कर बताया कि बयान वायरल होने के बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा सीताराम चौहान को ₹22 हजार रुपए वापस कर दिए गए। घटना के बाद सीताराम ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ मुकदमे से नाम हटवाने या किसी अन्य कानूनी मामले को लेकर ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है तो किसी बिचौलिए या कथित दलाल के भरोसे पैसे देने के बजाय सीधे थाना प्रभारी अथवा संबंधित अधिकारी के समक्ष अपनी बात रखें।