
वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के भक्तों को आखिरकार 34 दिन बाद उनकी झलक देखने को मिली। भाई दूज के अवसर पर बुधवार सुबह महाराज अपने शिष्यों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर यमुना किनारे पहुंचे। लंबे समय से उनके सार्वजनिक दर्शन का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए यह नजारा किसी खास सौगात से कम नहीं था। महाराज को बुलेट पर देखकर भक्त खुशी से झूम उठे और राधे-राधे के जयकारे लगाने लगे।
दरअसल, प्रेमानंद महाराज इन दिनों वृंदावन में एकांतवास कर रहे हैं और यमुना पार जहांगीरपुर स्थित अपने नए आश्रम यमुना विहार कुंज में रह रहे हैं। इसी वजह से उनके नियमित सार्वजनिक दर्शन नहीं हो पा रहे थे। इससे पहले 8 अक्टूबर को वह वृंदावन के श्रीराधा केलीकुंज आश्रम पहुंचे थे। इसके बाद भाई दूज के दिन 11 नवंबर को वह एक बार फिर भक्तों के सामने नजर आए।
इस बार उनका अंदाज भी अलग था। आमतौर पर महाराज कार से आते-जाते दिखाई देते हैं, लेकिन भाई दूज की सुबह वह बुलेट मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे नजर आए। उनके शिष्य रिंकू राजपूत बाइक चला रहे थे। बताया गया कि यमुना किनारे जिस एकांत स्थान पर महाराज को साधना के लिए जाना था, वहां चार पहिया वाहन से पहुंचना संभव नहीं था। इसी वजह से बुलेट का इस्तेमाल किया गया।
महाराज को अचानक इस अंदाज में देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु उनकी एक झलक पाने के लिए पीछे दौड़ पड़े। भक्त हाथ जोड़कर प्रणाम करते रहे और राधे-राधे के साथ श्रीहरिवंश के जयकारे लगाते रहे। प्रेमानंद महाराज ने भी बुलेट पर बैठे-बैठे दोनों हाथ उठाकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। लंबे अंतराल के बाद अपने आराध्य को सामने देखकर कई भक्त भावुक नजर आए।
यमुना किनारे निर्धारित स्थान पर साधना पूरी करने के बाद महाराज बुलेट से ही वापस अपने आश्रम लौट गए। उनके इस पूरे सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे श्रद्धालु खूब साझा कर रहे हैं। 34 दिनों बाद दर्शन और फिर बुलेट पर सवार होकर यमुना किनारे पहुंचने का उनका यह अंदाज भक्तों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
Gormi, Bhind | Nov 13, 2026