
ABP News कटघरे में।
लोकगीत गायिका नेहा सिंह राठौर को कथित सेक्स रैकेट से जोड़कर खबर प्रकाशित किए जाने के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग के अनुसार, संबंधित समाचार नेटवर्क ने सार्वजनिक आलोचना के बाद खबर को तथ्यात्मक रूप से गलत स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय रहाटकर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से कहा है कि वह संबंधित नियामक संस्थाओं, प्रशासनिक निकायों और मीडिया के स्व-नियामक संगठनों के माध्यम से मामले में तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करे।
आयोग ने प्रेस परिषद, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया निगरानी केंद्र, न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन और डिजिटल पब्लिशर्स कंटेंट ग्रीवेंस काउंसिल जैसी संस्थाओं के माध्यम से सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
आयोग ने संबंधित पक्षों से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही महिलाओं के खिलाफ चरित्रहनन, डिजिटल उत्पीड़न और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री पर रोक लगाने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मीडिया की स्वतंत्रता के साथ तथ्यात्मक सटीकता, महिलाओं की गरिमा, निजता और प्रतिष्ठा का सम्मान भी जरूरी है।
Arwal, Arwal | Oct 19, 2026