
एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में भारत माता के जयघोष के बीच पूर्व विधायक जय चौबे ने किया ध्वजारोहण
अमर शहीदों के बलिदान का इतिहास जानकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं युवा : जय चौबे
अनुशासन, संस्कार और कठिन परिश्रम से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना : डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी व राकेश चतुर्वेदी
संतकबीरनगर। जिले के दक्षिणांचल में स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाई गई। भारत माता के जयघोष, राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के बीच आयोजित समारोह में पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी के साथ ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। पूर्व विधायक जय चौबे, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी, असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज पांडेय, पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय तथा प्रधानाचार्य दुर्गेश कुमार गोस्वामी सहित अन्य लोगों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।मुख्य अतिथि जय चौबे ने कहा कि आजादी हमें आसानी से प्राप्त नहीं हुई, बल्कि इसके लिए लाखों वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी। युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गहन अध्ययन करना चाहिए और शहीदों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना ही सच्ची देशभक्ति है।सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि अमर शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। आज की युवा पीढ़ी का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता की रक्षा करते हुए भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन, संस्कार और कठिन परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों के माध्यम से अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाया जा सकता है।
मैनेजिंग डायरेक्टर एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। शिक्षा, समाजसेवा, व्यवसाय और रोजगार—इन सभी क्षेत्रों का उद्देश्य देश के विकास से जुड़ा होना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कठिन परिश्रम करने और देश के नवनिर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति संकल्प लेने का भी अवसर है।समारोह के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान परिसर भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय, प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, प्रधानाचार्य दुर्गेश कुमार गोस्वामी, मायाराम पाठक, अजय मिश्र, कृष्णा मिश्रा, महेन्द्र चौधरी, हरिश्चंद्र यादव, प्रेम प्रकाश पांडेय, प्रीति मिश्रा, रिवाना मुखिया, धर्मेंद्र चौरसिया, एस.एन. शुक्ला सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।