ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख एवं बीडीओ ने किया संयुक्त रूप से झंडारोहण
खलीलाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खलीलाबाद ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख नित्यानंद जी एवं खंड विकास अधिकारी खलीलाबाद ने संयुक्त रूप से झंडारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा अपने-अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ भी ली।इस अवसर पर एडीओ पंचायत सहित खंड विकास कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग एवं बलिदान को याद किया तथा उनके आदर्शों पर चलने और अपने दायित्वों को निष्ठापूर्वक निभाने की शपथ ली।कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख नित्यानंद जी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया और अपने-अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने की शपथ दिलाई।