
शहडोल जिला अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट के मामले में FIR दर्ज, दो अज्ञात आरोपियों पर केस; CCTV फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस |
#शहडोल :- जिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के साथ मारपीट और थप्पड़ मारने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान कुछ लोगों ने डॉक्टरों के साथ विवाद करते हुए मारपीट की थी। इस दौरान एक युवक द्वारा डॉक्टर को थप्पड़ मारने की घटना भी सामने आई थी। घटना के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब जिला अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल दोनों लोगों की पहचान की जा सके। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के साथ इस तरह की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
#shahdolnews #DistrictHospital #DoctorSafety #MadhyaPradesh #PoliceAction #shahdolbulletin