
*झालावाड़ की बकानी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 13 वर्षीय बालक की मौत के बाद शव छिपाने व साक्ष्य मिटाने वाला आरोपी गिरफ्तार*
• अवैध रूप से करंट लगाकर मछली पकड़ने के दौरान झुलसकर हुई थी बालक की मौत; रिश्ते में मामा लगता है आरोपी
जयपुर से कमलेश आमेटा
जयपुर 03 अगस्त। झालावाड़ जिले की बकानी थाना पुलिस ने एक 13 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अवैध रूप से करंट लगाकर मछली पकड़ने के दौरान बालक की मौत होने पर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नाले में छिपा दिया था और उस पर नमक डाल दिया था।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के निर्देशन तथा बकानी थानाधिकारी हरि सिंह मीणा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
*स्कूल जाने की कहकर निकला था बालक, नहीं लौटा घर*
गत 31 जुलाई को फरियादी मांगीलाल भील निवासी बड़ाय, बकानी) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 13 वर्षीय पोता 30 जुलाई की सुबह स्कूल जाने की कहकर निकला था, जो वापस घर नहीं आया। इस पर बकानी थाने में प्रकरण दर्ज कर बालक की तलाश व अनुसंधान शुरू किया गया।
*अवैध रूप से मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा*
पुलिस अनुसंधान, गवाहों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों से सामने आया कि आरोपी मुकेश भील पुत्र कैलाश चंद (27) निवासी बड़ाय और मृतक बालक रिश्ते में मामा-भांजा थे। 30 जुलाई को आरोपी मुकेश बालक को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर ग्राम कोटड़ा घट्टा ले गया। वहां वह नाले के पास स्थित ट्रांसफार्मर से अवैध रूप से तार जोड़कर करंट के जरिए मछली पकड़ रहा था।
आरोपी ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बालक के हाथ में कटा हुआ विद्युत तार पकड़ा दिया, जिससे तेज करंट लगने से बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
*साक्ष्य मिटाने के लिए शव पर डाला नमक*
घटना के बाद आरोपी मुकेश ने अपराध छिपाने के लिए बालक के शव को घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूर नाले में फेंक दिया। शव को पत्तों व मिट्टी से ढका और उसे जल्द से जल्द गलाने के उद्देश्य से उस पर नमक की थैलियां लाकर डाल दीं।
पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का एक मामला दर्ज है।
--------