
मां के साथ पार्क में खेलने आया था 4 साल का इमरान, खुले सीवर में गिरा; रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दिल्ली के बाहरी इलाके नांगली विहार में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां दास गार्डन कॉलोनी के पास पार्क में अपनी मां के साथ खेलने आया 4 साल का इमरान खुले सीवर में गिर गया. घटना मंगलवार (10 नवंबर) दोपहर की है. जानकारी के मुताबिक, इमरान की मां शाहजहां अपने दोनों बेटों को लेकर दास गार्डन पार्क पहुंची थीं. इसी दौरान इमरान शौच के लिए पार्क के पास बने सीवर की तरफ गया. वहां मैनहोल को फाइबर की सीट से ढका गया था. बताया जा रहा है कि बच्चे के उस पर बैठते ही सीट टूट गई और वह सीधे सीवर में जा गिरा.
बच्चे के पिता खुर्शीद आलम के मुताबिक, बेटे के गिरते ही उसकी मां ने शोर मचाया. सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद NDRF, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और BSF की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हुईं. बचाव दल सीवर लाइन में बच्चे की तलाश के लिए सक्शन पंप और स्कैनिंग उपकरणों का इस्तेमाल कर रहा है. गोताखोरों ने भी शुरुआत में तलाश की थी, लेकिन बाद में अभियान NDRF को सौंप दिया गया.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में लापरवाही से मौत से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया गया है. 11 नवंबर की सुबह तक बच्चे का पता नहीं चल पाया था और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था. इस हादसे ने एक बार फिर दिल्ली में खुले मैनहोल और सीवर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
#DelhiNews #Nangloi #NangliVihar #Imran #DelhiAccident #OpenSewer #SewerAccident #NDRF #DelhiPolice #BreakingNews #DelhiNCR #DelhiLatestNews