
एएनएम संघ ने आंदोलन की दी चेतावनी, 1 सितंबर से विरोध प्रदर्शन
सिंगरौली। संयुक्त एएनएम एसोसिएशन एवं (संविदा-नियमित) कर्मचारी संघ भोपाल ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के निराकरण को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। संघ ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र भेजकर चरणबद्ध आंदोलन की सूचना दी है।
संघ का कहना है कि एएनएम को नर्सिंग कैडर में शामिल करने, वेतन विसंगति दूर करने, 3200 रुपये ग्रेड-पे के आधार पर एएनएम संवर्ग की पदोन्नति, संविदा एएनएम का अन्य विभागों की तरह नियमितीकरण, टीकाकरण एवं पीबीआई सहित वास्तविक कार्य करने वाले एएनएम संवर्ग को लाभ देने तथा नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। संघ के अनुसार पूर्व में कई बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
संघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 25 अगस्त 2026 से ऑनलाइन कार्य बंद करने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 1 सितंबर से काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते हुए शासकीय कार्य किया जाएगा। 2 सितंबर को जिला मुख्यालय पर कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 3 सितंबर को दो घंटे अतिरिक्त कार्य कर प्रदर्शन किया जाएगा। 5 से 7 सितंबर तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा, जबकि 8 सितंबर को पूरे मध्यप्रदेश में एएनएम सामूहिक अवकाश लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगी।
संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
प्रमुख मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी सिंगरौली और जिला कलेक्टर सिंगरौली को लिखित में ज्ञापन सौंपा