
गोपालनगर स्कूल मामले में बड़ी कार्रवाई: शाला प्रभारी निलंबित
..
विद्यालय भवन के रखरखाव में लापरवाही के चलते सिरोंज विकासखंड के प्राथमिक शाला गोपालनगर में हुई दुर्घटना के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एक जुलाई को विद्यालय की छत का प्लास्टर गिरने से एक छात्रा घायल हो गई थी। मामले की प्रारंभिक जांच में विद्यालय प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित शाला प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राथमिक जांच में पाया गया कि विद्यालय की छत से लंबे समय से पानी का रिसाव हो रहा था तथा वाटरप्रूफिंग का कार्य सही ढंग से नहीं कराया गया था। इसके कारण छत की सरियों में जंग लग गई और प्लास्टर कमजोर होकर गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि शाला प्रभारी द्वारा प्रतिवर्ष प्राप्त होने वाली शाला ग्रांट की राशि से भवन का आवश्यक रखरखाव नहीं कराया गया, जिसे दुर्घटना का प्रमुख कारण माना गया।
इसी आधार पर मध्यप्रदेश शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संशोधित आदेशों तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 10(4) के तहत जिला पंचायत सीईओ ने माध्यमिक शाला गोपालनगर के शाला प्रभारी श्री जनक खेस्स, माध्यमिक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सिरोंज निर्धारित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान श्री जनक खेस्स,को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। #Vidisha