शासकीय जमीन पर फर्जी पट्टा बनाने का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत
सीधी। जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम अतरैला में शासकीय जमीन के कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पट्टा अपने नाम कराने का मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सैकड़ों ग्रामीणों ने सीधी कलेक्टर से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण कमलेश साकेत ने आरोप लगाया कि उनके पूर्वज करीब 50 वर्षों से यहां निवास करते हैं और इसी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास भी बना है। उनका दावा है कि 5-6 वर्ष पहले मार्तंड चतुर्वेदी ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन अपने नाम करा ली। ग्रामीणों ने धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं।
मार्तंड चतुर्वेदी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जमीन उनके पूर्वजों की थी और उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाने की साजिश की जा रही है।