
*ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की कलेक्टर ने की गहन समीक्षा*
*"लक्ष्य के अनुरूप कार्य करेंगे तभी सेवा शिविर होंगे सफल" – जिला कलेक्टर*
सलूंबर, 20 जून। जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. ने जिले में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा शिविरों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों, प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर स्थलों पर प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, जिससे आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि यदि शिविर के दौरान किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी को अन्य शासकीय कार्य से बाहर जाना आवश्यक हो, तो इसके लिए अलग से मूवमेंट रजिस्टर एवं अटेंडेंस रजिस्टर संधारित किए जाएं। संबंधित अधिकारी को अपने आवागमन का पूरा विवरण दर्ज करना होगा, जिससे कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने सभी विभागों की गतिविधियों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए विभागवार प्रगति का आकलन किया तथा प्रत्येक विभाग को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि केवल योजनाओं की जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप धरातल पर परिणाम भी दिखाई देने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे सेवा शिविरों को जनकल्याण का प्रभावी माध्यम बनाते हुए अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करें।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सेवा शिविरों की सफलता सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी, समयबद्ध कार्यप्रणाली और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिविरों में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से निस्तारण करें तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों, लंबित प्रकरणों तथा आगामी कार्ययोजना का नियमित मूल्यांकन करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सेवा शिविर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो रहे हैं।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
--0--