तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर, महिला की मौत
हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र में जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।
फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र निवासी राकेश सिंह अपनी पत्नी अनीता सिंह (28) के साथ हरदोई के सरैया गांव में साधु शेखर के बेटे के नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जगदीशपुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में अनीता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
अनीता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके पीछे दो बेटे और एक बेटी हैं। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट—देवेन्द्र सिंह