
बिक्रमगंज की बेटी सलोनी कुमारी बनीं बीडीओ, 70वीं बीपीएससी में हासिल की सफलता
बिक्रमगंज। रोहतास जिले के बिक्रमगंज की बेटी सलोनी कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 1156वीं रैंक प्राप्त कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। सलोनी कुमारी, सुदर्शन साह एवं राजकांति देवी की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बिक्रमगंज में ही प्राप्त की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए पटना गईं, जहां उन्होंने पटना वीमेंस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। स्नातक के दौरान ही उन्होंने बीपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी और अपने कठिन परिश्रम, लगन तथा आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता हासिल की। सलोनी की सफलता पर परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सलोनी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से बिक्रमगंज का गौरव बढ़ा है।