
UPCOS का शुभारंभ: आउटसोर्स भर्तियों में पारदर्शिता, कर्मचारियों को मिलेंगे बेहतर सेवा लाभ
संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम यानी UPCOS का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का संत कबीर नगर कलेक्ट्रेट सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल, जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आउटसोर्स भर्तियां ऑनलाइन, पारदर्शी और योग्यता एवं मेरिट के आधार पर होंगी। भर्ती में सरकार की आरक्षण नीति का पालन किया जाएगा। कर्मचारियों की भर्ती, पोस्टिंग, उपस्थिति, वेतन, ईपीएफ, ईएसआई और अन्य सेवा लाभों का डिजिटल प्रबंधन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का वेतन सीधे बैंक खाते में पहुंचेगा और अनावश्यक कटौती पर रोक रहेगी। शिकायतों के लिए भी प्रभावी ऑनलाइन व्यवस्था होगी।
विधायक अंकुरराज तिवारी ने UPCOS को आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और योग्य युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र तथा स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट देकर सम्मानित किया गया।