
रेवाड़ी प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस, पुलिस पर लगे आरोप:आईजी से मिलने पहुंचे परिजन, बोले- गिरफ्तारी से पहले नूंह भेजा गया मामला, सीएम से मिलेंगे
रेवाड़ी में प्रॉपर्टी डीलर पवन हत्याकांड मामले में मृतक के परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि हत्या आरोपियों के दबाव में पूरा सिस्टम काम कर रहा है और केस को रेवाड़ी से नूंह ट्रांसफर करने में बड़ा खेल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, लगभग दो महीने पहले रेवाड़ी के कर्नल राम सिंह चौक स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में नारनौल निवासी पवन की गोली मारकर हत्या कर कर दी गई थी। रेवाड़ी पुलिस ने एलिगेंट सिटी निवासी सज्जन सिंह, प्रॉपर्टी डीलर रामकिशन और महेश सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। सज्जन सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है।
परिजन बोले- रेवाड़ी से नूंह ट्रांसफर किया गया केस
बुधवार को आईजी आफिस पहुंचे मृतक के भाई रोहित ने बताया कि पवन प्रॉपर्टी का काम करता था और आरोपियों के साथ उसका 2-3 करोड़ रुपए का लेन-देन था। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने 23 जून को पवन को उनके कार्यालय में गोली मारी थी, जिसके बाद 26 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक पवन के भाई रोहित और परिवार के अन्य सदस्य साउथ रेंज के आईजी से मिलने पहुंचे। रोहित ने आरोप लगाया कि जब रेवाड़ी पुलिस की कार्रवाई से परिवार संतुष्ट था और आरोपी की गिरफ्तारी के करीब पहुंच चुकी थी, तभी केस को रेवाड़ी से नूंह ट्रांसफर कर दिया गया।
केस ट्रांसफर करने में बड़ा खेल करने का आरोप
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि आरोपी राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हैं, इसलिए केस ट्रांसफर में बड़ा खेल हुआ है। रोहित ने लेन-देन की आशंका से भी इनकार नहीं किया। परिवार ने आईजी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के दबाव में सिस्टम के काम करने और केस ट्रांसफर की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए।
परिवार का कहना है कि अब उन्हें न्याय की उम्मीद खत्म हो गई है और एकमात्र सहारा मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने बताया कि आने वाली 23 अगस्त को रेवाड़ी के बावल आ रहे मुख्यमंत्री से मिलकर वे पूरे मामले का खुलासा करेंगे।
इस मामले में आईजी साउथ रेंज रेवाड़ी से उनके दफ्तर में मिलने गए तो कोई जवाब नहीं मिला।
Rewari, Rewari | Aug 19, 2026