
10,224 पौधे किए नष्ट धार क्षेत्र में अवैध भांग की खेती पर पुलिस का बड़ा एक्शन,
कुल्लू (पतलीकुहल)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्लू पुलिस ने पतलीकुहल थाना क्षेत्र के धार इलाके में अवैध भांग की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान सीढ़ीनुमा खेतों में बड़े पैमाने पर उगाई गई भांग की फसल का पता लगाया।
पुलिस के अनुसार, मौके पर अवैध रूप से उगाए गए कुल 10,224 भांग के पौधे पाए गए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भांग के सभी पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस कार्रवाई के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है और अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन खेतों में अवैध भांग की खेती कौन कर रहा था।
पुलिस द्वारा खेती वाले स्थानों और आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि अवैध भांग की खेती में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
नशे के खिलाफ कुल्लू पुलिस की यह कार्रवाई अवैध भांग की खेती पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
#Kullu #Patlikuhal #KulluPolice #BhangCultivation #IllegalBhang #NDPSAct #DrugFreeHimachal #HimachalNews #HimachalPradesh #UTHimachal #UniqueTodayNews