
चतुर्थ चरण में जिले की चार पंचायत समितियों में 284 अभ्यर्थियों के 350 नामांकन पत्र प्राप्त।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत चतुर्थ चरण में सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की नामांकन प्रक्रिया शनिवार से प्रारम्भ हुई थी। बीते तीन दिनों में कुल 284 अभ्यर्थियों ने 350 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इन समितियों में कुल 78 सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया की अंतिम समय-सीमा बुधवार 4 नवम्बर को अपरान्ह 3 बजे तक है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) काना राम ने बताया कि चतुर्थ चरण के लिए चारों पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए तीसरे दिन 161 अभ्यर्थियों ने कुल 87 नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें चौथ का बरवाड़ा पंचायत समिति में 53 अभ्यर्थियों ने 57 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। मंगलवार को गंगापुर सिटी पंचायत समिति में 23 अभ्यर्थियों ने 35 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसी प्रकार, सवाई माधोपुर में 40 अभ्यर्थियों ने 50 नामांकन पत्र और वजीरपुर पंचायत समिति में 45 अभ्यर्थियों ने 60 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बुधवार को अपरान्ह 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त होने के बाद गुरूवार 5 नवम्बर को प्रातः 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। शुक्रवार 6 नवम्बर को अपरान्ह 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापिस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद शुक्रवार को ही चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे तथा चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।