
सुसनेर नगर परिषद उपचुनाव का ऐलान, 29 सितंबर को होगा मतदान, 3 अक्टूबर को आएगा परिणाम
आगर-मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के उपचुनाव का आखिरकार ऐलान हो गया है। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय एवं पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही सुसनेर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक 8 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 15 सितंबर तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 18 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।
इसके बाद 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 3 अक्टूबर को मतगणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। नगरीय निकायों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
सुसनेर के साथ ही टीकमगढ़ नगरपालिका परिषद और धार जिले की कुक्षी नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भी उपचुनाव होगा। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में 26 पार्षद पदों पर भी उपचुनाव कराया जाएगा।
पंचायत उपचुनाव की बात करें तो प्रदेश में 7 जिला पंचायत सदस्य, 28 जनपद पंचायत सदस्य, 110 सरपंच और 4090 पंच पदों के लिए चुनाव होगा।
पंच पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही की जाएगी, जबकि सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पद की मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से होगी। जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे घोषित किए जाएंगे।
यानी 8 सितंबर से शुरू होने वाली उपचुनाव प्रक्रिया 5 अक्टूबर तक चलेगी। सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव की घोषणा के साथ ही अब स्थानीय राजनीति में भी हलचल बढ़ने लगी है और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।