
### अर्की में निर्माणाधीन ब्रेस्ट वॉल से 46 शटरिंग प्लेटें चोरी, आरोपी गिरफ्तार
**अर्की।** अर्की-शालाघाट सड़क पर निर्माणाधीन ब्रेस्ट वॉल से शटरिंग की 46 प्लेटें चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। बरामद शटरिंग प्लेटों की कीमत करीब **50 हजार रुपये** बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार शिमला निवासी ठेकेदार **आशीष कौशल** ने 28 सितंबर को थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 सितंबर को निर्माण स्थल से शटरिंग की 46 प्लेटें अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे **सीसीटीवी कैमरों की फुटेज** के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने **अमर देव (45) पुत्र बाबूराम**, निवासी छामला, डाकघर नवगांव, तहसील अर्की को 28 सितंबर को अर्की से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई **सभी 46 शटरिंग प्लेटें बरामद** कर ली गई हैं। आरोपी को 29 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे **तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड** पर भेजा गया।
पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।
**एसपी सोलन टीएसडी वर्मा** ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी की शटरिंग प्लेटें बरामद कर ली गई हैं और आरोपी से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
**#Arki #Solan #HimachalPradesh #CrimeNews #TheftCase #PoliceAction #NewsTodayHimachal**