
ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा चंबा की मासिक बैठक आयोजित
चंबा, 12 सितंबर: ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा चंबा की मासिक बैठक आज ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा भवन, मोहल्ला जनसाली में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार बगलवान ने की। बैठक में ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं मंथन किया गया।
बैठक के आरंभ में ब्राह्मण समाज के दो सदस्य श्री भूपेंद्र कुमार शर्मा एवं श्री प्रमोद शर्मा के आकस्मिक निधन पर सभा द्वारा गहरा शोक व्यक्त किया गया। सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा इस दुख की घड़ी में उन्हें धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की।
बैठक में वर्तमान में चल रही पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा को लेकर भी चर्चा की गई। सभा ने कहा कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित श्री मणिमहेश यात्रा अब तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है तथा इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। सभा ने इसके लिए भगवान भोलेनाथ की कृपा के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे बेहतर प्रबंधों की सराहना की।
सभा ने आगामी 19 सितंबर को होने वाले पवित्र राधाष्टमी स्नान को भी शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की। सभा ने कहा कि प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों की निरंतर सफाई, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ठहरने, खाने-पीने, पेयजल तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं के लिए किए गए प्रबंध सराहनीय हैं। सभा ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इसी तरह तत्परता के साथ कार्य करता रहेगा और भगवान भोलेनाथ की कृपा से पवित्र यात्रा का आगामी चरण भी बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।
बैठक में हाल ही में हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के सदस्यों से की गई मुलाकात का भी स्वागत एवं सराहना की गई। सभा ने चंबा जिले से संबंधित ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के सदस्यों से आग्रह किया कि वे समय-समय पर ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा चंबा की मासिक बैठकों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर सभा के सदस्यों का मार्गदर्शन करें तथा समाज से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करें।
सभा ने चंबा ब्राह्मण सभा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से भी आग्रह किया कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए वे महीने में कम से कम एक बार सभा की मासिक बैठक में अपनी उपस्थिति अवश्य दर्ज करवाएं और अपने सुझाव एवं सहयोग प्रदान करें।
बैठक में चंबा की युवा ब्राह्मण शक्ति से भी विशेष रूप से आह्वान किया गया कि वे संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं उत्तरदायित्व को समझते हुए सभा की बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लें। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा समाजहित के कार्यों को और अधिक मजबूती प्रदान की जा सकेगी।
सभा ने समस्त समाजबंधुओं से संगठन को मजबूत बनाने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
जारीकर्ता:
सुरेश कश्मीरी
महासचिव
ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा चंबा
Chamba, Chamba | Sep 12, 2026