
जिला स्काउट एवं गाइड कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, वार्षिक गतिविधियों पर बनी रूपरेखा
बिलासपुर, 16 जुलाई 2026
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला बिलासपुर की कार्यकारिणी की बैठक आज उप निदेशक उच्च शिक्षा, जिला बिलासपुर श्रीमती नरेश चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न स्काउट एवं गाइड गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनकी सफल कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में तृतीय सोपान शिविर, स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन रिफ्रेशर प्रशिक्षण, तथा राज्य पुरस्कार प्रिपरेटरी कैंप के आयोजन की रूपरेखा पर विशेष विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने, विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयबद्ध ढंग से आयोजित करने पर भी चर्चा हुई।
उप निदेशक श्रीमती नरेश चंदेल ने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में स्काउट एवं गाइड आंदोलन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना एवं राष्ट्रप्रेम का विकास करती हैं, इसलिए इन कार्यक्रमों का सफल आयोजन सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के अंत में आगामी गतिविधियों के सफल संचालन हेतु आवश्यक जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया तथा सभी सदस्यों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।