मारवाड़ जंक्शन पाली में चुनावी जीत के 24 घंटे बाद मौत, फिर बदला चेयरमैन का गणित!
पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन नगरपालिका में चुनाव जीतने के एक दिन बाद निर्दलीय पार्षद अबरार खान मेव (58) का निधन हो गया। मंगलवार सुबह घर पर जीत की बधाई देने पहुंचे लोगों के बीच चाय पीते समय अचानक सीने में दर्द हुआ। परिजन उन्हें बांगड़ हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अबरार खान वार्ड-7 से निर्दलीय चुनाव जीते थे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। वे कोयले के व्यापारी और मुस्लिम समाज के सदर भी रहे। इधर, मारवाड़ जंक्शन नगरपालिका के 25 वार्डों में बीजेपी और कांग्रेस ने 11-11 सीटें जीती हैं, जबकि 3 सीटें निर्दलीयों के खाते में गईं। बोर्ड बनाने के लिए दोनों दलों को निर्दलीयों के समर्थन की जरूरत थी। चुनावी समीकरण में 2 निर्दलीय कांग्रेस के साथ और 1 निर्दलीय बीजेपी के साथ बताए जा रहे थे। अब अबरार खान के निधन के बाद बोर्ड गठन का पूरा गणित फिर रोमांचक हो गया है। चेयरमैन की कुर्सी किसके खाते में जाएगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।