
Sangaria Matdaan Maha Abhiyaan
#संगरिया पंचायत चुनाव:
13 नवंबर को पहुंचेगी पोलिंग पार्टियां
14 नवंबर को होगा मतदान
सरपंच-पंच के लिए 15 नवंबर को भरे जाएंगे फार्म, 16 को होगा मतदान
संगरिया की आवाज़।
संगरिया पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए 13 नवंबर को पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगी। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी Jai Kaushik जय कौशिक ने बताया कि जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ में शुक्रवार को प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को ईवीएम एवं चुनाव सामग्री देकर रवाना किया जाएगा। सभी मतदान दल 13 नवंबर को निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगे। संगरिया पंचायत समिति की 27 ग्राम पंचायतों में मतदान के लिए 102 मतदान केंद्र तथा एक सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है।
#14नवंबर को जिप व पंस मतदान:
पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतदान 14 नवंबर शनिवार को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के बाद सभी ईवीएम किसान शहीद स्मारक खालसा विद्यालय संगरिया में संग्रहित की जाएंगी। सभी ईवीएम जमा होते ही इन्हें जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में राउंड द क्लॉक सुरक्षा के बीच रखा जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हनुमानगढ़ में होगी।
#सरपंच-पंच के लिए नामांकन:*
सरपंच और पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 नवंबर रविवार को पंचायत मुख्यालयों पर होगी। अभ्यर्थी प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक नामांकन फार्म भर सकेंगे।नामांकन फार्मों की संवीक्षा उसी दिन सुबह 11:30 बजे होगी, जबकि अपराह्न 2 बजे तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
#सरपंच-पंच के लिए 15 नवंबर को भरे जाएंगे फार्म*
*सरपंच पंच नामांकन के ये रहेंगे निर्देश :*
सरपंच एवं वार्ड पंच पद के चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को अपना नामांकन फार्म 15 नवंबर को पंचायत स्तर पर नियोजित रिटर्निंग अधिकारी को निर्धारित प्रारूप में जमा करना होगा। उपखंड अधिकारी जय कौशिक ने प्रत्याशियों को नामांकन से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र के साथ उपाबंध-1क के अंतर्गत 50 रुपए के स्टांप पेपर पर प्रत्येक पृष्ठ को स्वप्रमाणित कराकर तथा नोटरी से प्रमाणित करवाकर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही प्रारूप-4घ, सांख्यिकी सूचना, स्वच्छ क्रियाशील शौचालय घोषणा तथा निर्धारित जमानत राशि की रसीद भी संलग्न करनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पद पर आरक्षित वर्ग की सीट है तो संबंधित श्रेणी का जाति प्रमाण पत्र राजस्थान सरकार के अधिकृत सक्षम स्तर से जारी होना चाहिए। अदेय प्रमाण पत्र केवल उस स्थिति में आवश्यक होगा जब संबंधित संस्था द्वारा अभ्यर्थी को पहले किसी प्रकार के बकाये का नोटिस दिया गया हो।
अधिकारी ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी को नामांकन फार्म के साथ पुलिस वैरीफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र अथवा पैन कार्ड संलग्न करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने प्रत्याशियों से निर्धारित समय सीमा में सभी दस्तावेज पूर्ण रूप से तैयार रखने और नामांकन की प्रक्रिया में किसी भी त्रुटि से बचने का आग्रह किया। नामांकन की तिथि 15 नवंबर है इसलिए इच्छुक प्रत्याशियों को समय रहते सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है।
#16नवंबर को पंच-सरपंच मतदान:*
सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों का चुनाव ईवीएम के माध्यम से होगा जबकि सरपंच और पंच पदों के लिए मतपत्रों का उपयोग किया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद पंच-सरपंच चुनाव की मतगणना उसी दिन की जाएगी।
#प्रशासनिक तैयारी:
चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। मतदान के दिन बूथों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।मतदान दिवस पर मतदाताओं की सहायता के लिए मतदाता सहायता केन्द्र स्थापित किए जाएंगे वहीं दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सहायता के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्काउट गाइड और वोलेंटियर्स उपलब्ध रहेंगे।
संगरिया की आवाज़
District Collector & Magistrate - Hanumangarh