
जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
दीपावली दौज मेले की तैयारियां अंतिम दौर में
डीआईजी चंबल के साथ कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण
350 एकड़ भूमि में विकसित किए गए 22 पार्किंग स्थल, 50 किलोमीटर क्षेत्र में होगी रोशनी, दो सीसीटीवी कंट्रोल रूम से होगी संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी
सिंध नदी के घाटों, पुल एवं स्नान स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, माता रानी एवं कुँवर बाबा महाराज के दर्शन के लिए बनाया गया पृथक विशेष मार्ग
दो ट्रॉली लगे ट्रेक्टर एवं ओवर लोड वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित एवं होगी कठोर कार्यवाही
दतिया 04 नवम्बर 2026/ मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र माता रतनगढ़ वाली मंदिर पर दीपावली दौज के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल लख्खी मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय है। मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रृद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए श्रृद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, यातायात प्रबंधन एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में आज बुधवार को डीआईजी चंबल श्री सुनील कुमार जैन ने कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल के साथ माता रतनगढ़ वाली मंदिर एवं संपूर्ण मेला क्षेत्र का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। उक्त अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में पहुंचकर एक-एक व्यवस्था का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं व्यवस्थाओं से जुड़े ठेकेदारों से जानकारी प्राप्त की।
350 एकड़ भूमि में 22 पार्किंग स्थल विकसित
मेले के दौरान प्रशासन द्वारा लगभग 350 एकड़ भूमि में विकसित कराए गए 22 पार्किंग स्थलों, 50 किलोमीटर क्षेत्र में की गई प्रकाश व्यवस्था, दो सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सिंध नदी के घाटों एवं पुल, स्नान स्थलों, नदी में लगाए गए सुरक्षा महाजाल, सर्पदंश पीड़ित श्रृद्धालुओं के आवागमन के लिए बनाए गए विशेष मार्ग तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया गया। स्थलीय निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित कर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीआईजी चंबल श्री जैन ने पार्किंग ठेकेदारों एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पार्किंग स्थल पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाए तथा पार्किंग के प्रवेश एवं निकास मार्गों को अलग-अलग व्यवस्थित रखा जाए। पार्किंग स्थलों पर आवश्यक दिशा-सूचक एवं सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिससे बाहर से आने वाले श्रृद्धालुओं को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग तक पहुंचाने में परेशानी न हो।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि मेले के दौरान वाहनों का आवागमन निर्धारित मार्गों से ही कराया जाए। पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर पुलिस तथा यातायात कर्मियों की पर्याप्त तैनाती रहे। किसी भी स्थिति में अनावश्यक जाम अथवा वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग नहीं होने दी जाए।
50 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक प्रकाश व्यवस्था, विद्युत विभाग को विशेष निर्देश
मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगभग 50 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक लाइटिंग एवं प्रकाश व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थलों, प्रमुख आवागमन मार्गों तथा श्रृद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान संपूर्ण प्रकाश व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे तथा किसी भी स्थान पर अंधेरा अथवा प्रकाश की कमी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विद्युत लाइनों, पोल, केबल एवं अन्य उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, तकनीकी समस्या के तत्काल निराकरण तथा आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर उन्हें मेले के दौरान सतत सक्रिय रहने को कहा गया।
दो सीसीटीवी कंट्रोल रूम से होगी संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा श्रृद्धालुओं की भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन करने के उद्देश्य से दो सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया तथा वहां स्थापित निगरानी प्रणाली एवं कैमरों की कार्यशीलता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि दोनों कंट्रोल रूम मेले के दौरान निरंतर सक्रिय रहें। मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर, प्रमुख आवागमन मार्गों, पार्किंग स्थलों, नदी घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए।
कंट्रोल रूम में प्रशिक्षित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा कैमरों की निगरानी के लिए पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध रहे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, भीड़ के अत्यधिक दबाव, यातायात अवरोध अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल ने सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी निगरानी की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम एवं मैदानी पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे।
सिंध नदी के घाटों, पुल एवं स्नान स्थलों का निरीक्षण, श्रृद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
रतनगढ़ मेले के दौरान सिंध नदी में बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं द्वारा स्नान एवं धार्मिक गतिविधियां की जाती हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सिंध नदी स्थित विभिन्न घाटों, पुल तथा श्रृद्धालुओं के स्नान के लिए निर्धारित स्थलों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नदी घाट में लगभग 01 किलोमीटर लगाए गए सुरक्षा महाजाल, बैरिकेडिंग, 04 मोटरबोट से नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगाई गई एवं अन्य सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से स्नान स्थलों की व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नदी में स्नान करने वाले श्रृद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। निर्धारित सुरक्षित स्नान स्थलों की सीमाएं स्पष्ट रखी जाएं तथा नदी के गहरे एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जाए। घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, बचाव दल की उपलब्धता तथा आवश्यक आपातकालीन संसाधन सुनिश्चित किए जाएं।
पुल एवं घाटों पर श्रृद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने, भीड़ का अनावश्यक दबाव नहीं बनने देने तथा स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण गतिविधि रोकने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को स्नान व्यवस्था की निरंतर निगरानी करने तथा किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
माता रानी एवं कुँवर बाबा महाराज के दर्शन के लिए बनाया गया पृथक विशेष मार्ग
मेले में लाखों श्रृद्धालुओं के आगमन को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा माता रानी एवं कुँवर बाबा महाराज के दर्शन हेतु पृथक विशेष मार्ग तैयार किया गया है। जिसका डीआईजी, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने इस विशेष मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मार्ग के माध्यम से श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से कुँवर बाबा महाराज एवं माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मार्ग को पूरी तरह बाधारहित रखा जाए। मार्ग पर आवश्यक बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। प्रवेश एवं निकास व्यवस्था इस प्रकार रखी जाए कि श्रृद्धालुओं की आवाजाही में अनावश्यक अवरोध उत्पन्न न हो। दिव्यांगजनों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष आवागमन व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था के अंतर्गत प्राथमिक उपचार केंद्र, चिकित्सा दल, एंबुलेंस तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मेडीकल पॉइंट के अतिरिक्त 09 एम्बुलेंस रास्तों में तैनात करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के दौरान प्रत्येक एक किलोमीटर पर एक एम्बुलेंस की तैनाती मय टीम के साथ की जायेगी।
पेयजल व्यवस्था के संबंध में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता, पानी की टंकियों तथा वितरण स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण, शौचालयों की उपलब्धता एवं उनकी नियमित सफाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय रहते पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
अधिकारी एवं कर्मचारियों को 9 नवम्बर को दोपहर 12 बजे तक उपस्थित होने के निर्देश
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े द्वारा सभी अधिकारी/कर्मचारी को 9 नवम्बर को दोपहर 12 बजे तक अपने-अपने निर्धारित दायित्व स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे के बाद बसई मलक के आगे नो व्हीकल जोन रहेगा। मेला अवधि के दौरान डबल ट्राली एवं गिट्टी, रेत के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही उन्होंने दर्शनार्थियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए दर्शनार्थियों से मालवाहक वाहनों से न आने की अपील की है।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। प्रत्येक सेक्टर अधिकारी अपने आवंटित सेक्टर का नियमित भ्रमण करें तथा व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की कमी अथवा समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी जवाबदेही
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े ने कहा कि माता रतनगढ़ वाली मंदिर का दीपावली दौज मेला जिले का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक एवं आस्था का आयोजन है। यहां देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी एवं कुँवर बाबा महाराज के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है कि श्रृद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं तथा निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का तत्काल निराकरण किया जाए। सभी सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें और मेले के दौरान पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें। मेले में 2500 अधिकारी/कर्मचारी एवं लगभग 3000 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि श्रृद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डनहोंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि देशभर से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से दर्शन कर सकें तथा दीपावली दौज का यह विशाल धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। इस आशय के साथ सभी अधिकारी पूर्ण समर्पण एवं सेवाभाव के साथ सौंपे गए दायित्व का निर्वहन करें।
बैठक के दौरान ग्वालियर एवं दतिया जिले के प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, रतनतगढ़ मेल कार्य से संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्रमांक 15/2026
--------0000-------