
पढ़ाई के लिए मां ने डांटा तो घर से निकली 12 वर्षीय बालिका, शामगढ़ स्टेशन पर मिली
जीआरपी शामगढ़ ने परिजनों की तलाश कर बालिका को सकुशल सौंपा
शामगढ़। पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली 12 वर्षीय बालिका ट्रेन में बैठकर शामगढ़ पहुंच गई। रेलवे स्टेशन पर अकेली भटकती मिली बालिका को जीआरपी थाना शामगढ़ की टीम ने सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और परिजनों से संपर्क कर उसे सकुशल उनके सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार 28 सितंबर को शामगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक रूपेंद्र भदौरिया, आरक्षक बलवंत एवं महिला आरक्षक प्रीति को एक बालिका अकेली बैठी मिली। पूछताछ में बालिका ने खुद को झाबुआ जिले का निवासी बताया। जीआरपी टीम उसे सुरक्षित थाने लेकर पहुंची और भोजन कराया।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक ममता अलावा के निर्देशन में पुलिस टीम ने बालिका को विश्वास में लेकर पूछताछ की। बालिका ने बताया कि वह ग्राम असालिया, थाना पेटलावद, जिला झाबुआ की रहने वाली है। पढ़ाई नहीं करने पर मां ने उसे डांट दिया था, जिससे नाराज होकर वह बिना बताए घर से निकल गई और ट्रेन में बैठकर शामगढ़ पहुंच गई।
जीआरपी ने बालिका से उसके पिता मुकेश मैड़ा का मोबाइल नंबर लेकर परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर माता-पिता, रिश्तेदार और ग्राम सरपंच शामगढ़ थाने पहुंचे। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जीआरपी ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।