
3 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने वाला डोडा तस्कर
नाकाबंदी तोड़कर पुलिस पर किया था जानलेवा हमला, कार छोड़कर जंगल में भागे थे आरोपी; वाहन से 98 किलो डोडा चूरा हुआ था बरामद
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) करीब तीन वर्ष पहले नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाकर फरार हुए डोडा तस्करी गिरोह के एक आरोपी को आखिरकार बिजौलिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पंजाब का शातिर और सजायाफ्ता अपराधी बताया जा रहा है। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बिजौलिया थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ मिंटू उर्फ मिन्टा (38) निवासी कांगधला (रहीमपुर), थाना पातड़ा, जिला पटियाला (पंजाब) है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, आपराधिक षड्यंत्र, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। जून 2023 से फरार चल रहे आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार जून 2023 में तत्कालीन थानाधिकारी उगमाराम बेनीवाल के नेतृत्व में केसरगंज कट पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान जयपुर नंबर की संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का प्रयास करते हुए नाकाबंदी तोड़ दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर बूंदी जिले की डाबी थाना पुलिस ने सूतड़ा गांव के पास नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में भाग निकले। तलाशी के दौरान कार से 98 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मामला दर्ज किया गया। वहीं बिजौलिया थाने में पुलिस पर जानलेवा हमला, नाकाबंदी तोड़ने और सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
तीन साल तक पुलिस को चकमा देने के बाद अब गुरविंदर सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर डोडा तस्करी नेटवर्क और फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में लगी है।