
बिलासपुर: जबली मुक्त कारागार में दो महीने में दूसरी कैदी की मौत, पहले लखवीर अब परवेश की संदिग्ध परिस्थितियों में गई जान; जेल की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
बिलासपुर। जिला बिलासपुर के मुक्त कारागार जबली में विचाराधीन कैदी परवेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि इसी कारागार में कुछ समय पहले भी एक कैदी की मौत हो चुकी है। सितंबर 2026 में लखवीर सिंह (40) की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। अब नवंबर में परवेश कुमार की मौत का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, लखवीर सिंह निवासी बागठेड़ू, तहसील घुमारवीं को 3 सितंबर को न्यायिक हिरासत में मुक्त कारागार जबली लाया गया था। 9 सितंबर की रात उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे एम्स बिलासपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उस मामले में भी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम और न्यायिक जांच की प्रक्रिया अपनाई गई थी।
वहीं, ताजा मामले में परवेश कुमार की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में इसे आत्महत्या बताया जा रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
बताया जा रहा है कि परवेश कुमार ने घटना वाले दिन सुबह खाना खाया था और कुछ समय पहले ही अपने करीबी संजय कुमार से फोन पर बातचीत भी की थी। इसके कुछ देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली। मृतक के शरीर और गले पर निशान मिलने की बात भी सामने आई है। एम्स बिलासपुर में परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाया गया है। मृतक के करीबी संजय कुमार ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
आखिर जेल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल क्यों न उठें?
एक ही कारागार में कुछ समय के भीतर दो कैदियों की मौत होना निश्चित रूप से गंभीर सवाल खड़े करता है। जेल जैसी जगह पर कैदियों के साथ अन्य कैदी और कर्मचारी भी 24 घंटे आसपास मौजूद रहते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इस तरह की घटना को अंजाम देना इतना आसान है? क्या कैदियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की पर्याप्त समीक्षा होती है?
आपकी क्या राय है? क्या मुक्त कारागार जबली में हुई इन दोनों घटनाओं को देखते हुए जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।
UT Himachal | सच बात सलीके के साथ
#Bilaspur #JabliOpenJail #HimachalNews #BilaspurNews #PrisonNews #PoliceInvestigation #UTHimachal #UTNews