चुराह के हिमगिरि में मिला पाकिस्तानी झंडा, 30 से अधिक गुब्बारों पर लिखा था ‘दिल दिल पाकिस्तान’
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चुराह
चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हिमगिरी के शुरनाला में रविवार को पाकिस्तानी झंडा और 30 से अधिक गुब्बारे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जब झंडे और गुब्बारों को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, शुरनाला क्षेत्र में मिले गुब्बारों पर ‘दिल दिल पाकिस्तान’ लिखा हुआ था। इसके अलावा मौके से पाकिस्तानी झंडा भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झंडे सहित सभी गुब्बारों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये गुब्बारे और पाकिस्तानी झंडा यहां तक कैसे पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इन्हें किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर तो नहीं छोड़ा गया। मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी चंबा जिले के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में इसी तरह के पाकिस्तानी गुब्बारे मिलने का मामला सामने आ चुका है। लगातार इस प्रकार की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पाकिस्तानी झंडा और गुब्बारे शुरनाला तक किस तरह पहुंचे।
Dharwala, Chamba | Aug 17, 2026