
*NEET UG 2026 में बड़ी चूक: जयपुर के परीक्षा केंद्र में मोबाइल लेकर पहुंची छात्रा, 15 मिनट पहले फोटो खींचते पकड़ी गई*
जयपुर से कमलेश आमेटा
बिंदायका स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के NEET UG 2026 परीक्षा केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक छात्रा मोबाइल फोन लेकर परीक्षा हॉल तक पहुंच गई और परीक्षा समाप्त होने से करीब 15 मिनट पहले प्रश्नपत्र की फोटो खींचते समय पकड़ी गई।
*दो बार बजा मेटल डिटेक्टर, फिर भी नहीं हुई जांच:*
सूत्रों के अनुसार प्रवेश से लेकर परीक्षा हॉल तक जांच के दौरान दो बार मेटल डिटेक्टर ने अलर्ट दिया था। छात्रा ने जांच टीम को बताया कि अंडरगारमेंट्स के हुक के कारण मशीन अलर्ट दे रही है। इस स्पष्टीकरण को स्वीकार कर जांच टीम ने आगे गहन तलाशी नहीं ली। बताया जा रहा है कि छात्रा तीसरी बार NEET परीक्षा दे रही थी।
*जैमर से रुकी सामग्री बाहर भेजने की कोशिश:*
परीक्षा हॉल में मोबाइल मिलने के बाद जांच में पता चला कि मोबाइल में प्रश्नपत्र की तस्वीरें मौजूद थीं। हालांकि परीक्षा केंद्र पर लगे जैमर के कारण कोई सामग्री बाहर नहीं भेजी जा सकी। छात्रा ने पूछताछ में कथित रूप से बताया कि वह AI की मदद से उत्तर ढूंढने के लिए मोबाइल लेकर आई थी।
*पुलिस ने शुरू की जांच, अधिकारियों पर गाज गिरना तय:*
मामला सामने आने के बाद पुलिस, परीक्षा केंद्र प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले में लापरवाही की जांच के आदेश दिए हैं। ड्यूटी पर तैनात जांच कर्मियों और केंद्र अधीक्षक की भूमिका की भी जांच होगी। NTA को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है।