
डॉ. प्रो. ललन प्रसाद यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर आदमकद प्रतिमा का अनावरण, उमड़ा जनसैलाब
भेल्दी। ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षाविद एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक डॉ. प्रो. ललन प्रसाद यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रतिमा का अनावरण पूर्व मंत्री उदित राय एवं पूर्व मंत्री सह पूर्व सांसद लाल बाबू राय ने संयुक्त रूप से किया। समारोह की अध्यक्षता स्वामी श्रीधर दास जी महाराज ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व प्राचार्य अंबिका राय ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्राचार्य राम किशोर यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि डॉ. ललन प्रसाद यादव उनके लिए अभिभावक और गुरु दोनों थे। उन्हें राजेंद्र कॉलेज में उनके साथ काम करने का अवसर मिला था। उन्होंने उनके व्यक्तित्व एवं शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मढ़ौरा विधायक जितेंद्र राय एवं अमनौर विधायक कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते। वे अपने ज्ञान, संस्कार और विचारों के माध्यम से जीवनभर समाज को दिशा देते रहते हैं।
पूर्व मंत्री एवं गरखा विधायक सुरेंद्र राम ने डॉ. ललन प्रसाद यादव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव गरीबों के मसीहा हैं। उन्होंने गरीब, असहाय एवं दबे-कुचले लोगों की आवाज बनकर उनमें सामाजिक चेतना जगाने का काम किया।
परसा विधायक करिश्मा राय ने कहा कि डॉ. ललन प्रसाद यादव केवल एक शिक्षक ही नहीं, बल्कि समाज के लिए अनुकरणीय व्यक्तित्व थे। उनका जीवन और विचार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर स्वामी अतिदेवानंद जी महाराज, पूर्व आईएएस गोरेलाल यादव, एमएलसी वीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व एमएलसी लाल दास यादव, एमएलसी सोनू राय, प्रो. राम किशोर पंडित, मुरारी स्वामी, प्रो. सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व मुखिया रमेश राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. ललन प्रसाद यादव के शैक्षणिक, सामाजिक एवं मानवीय योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
Rahui, Nalanda | Nov 10, 2026