
मा नेत्र वाउचर योजना के तहत 9 अस्पतालों में निःशुल्क नेत्र जांच व चश्मा वितरण शुरू, अपना आधार कार्ड जरूर लेकर जाए
झुंझुनूं, मा नेत्र वाउचर योजना के तहत जिले के 9 सरकारी अस्पतालों में ट्रक एवं बस ड्राइवरों सहित विभिन्न श्रेणी के कामगारों जैसे बढ़ई, नाई, दर्जी आदि की निःशुल्क नेत्र जांच कर उन्हें आवश्यकता अनुसार निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि योजना का संचालन बीडीके जिला अस्पताल झुंझुनूं, जिला अस्पताल नवलगढ़, उप जिला अस्पताल मलसीसर, खेतड़ी एवं चिड़ावा, तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसाऊ, गुढ़ा गौड़जी, उदयपुरवाटी और सूरजगढ़ में किया जा रहा है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे इन संस्थानों में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करवाएं और योजना का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड एवं जनआधार कार्ड साथ लाना आवश्यक है। जनआधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होने के कारण रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी सक्रिय होना चाहिए।
डिप्टी सीएमएचओ एवं योजना के नोडल अधिकारी डॉ. भंवर लाल सर्वा ने सोमवार को योजना से जुड़ी सभी 9 संस्थाओं के नेत्र सहायकों की बैठक लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा की तथा प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन श्रेणियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, वे अधिक से अधिक संख्या में इस जनहितकारी योजना का लाभ उठाएं। #Jhunjhunu #JhunjhunuNews Medical & Health Dept Jhunjhunu