
स्वीप पखवाड़े के अंतर्गत जिले भर में आयोजित हुई मतदाता जागरूकता रैलियां।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर कानाराम तथा जिला नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया के निर्देशन में जिला स्वीप प्रकोष्ठ के तत्वावधान में जिले में संचालित मतदाता जागरूकता पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया। इन रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में राजकीय कन्या महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने छात्राओं को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक मतदाता बनने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर ईएलसी क्लब की प्रभारी डॉ. सदफ सिद्दीकी भी उपस्थित रहीं।
स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाना तथा युवाओं, महिलाओं और आमजन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण करवाया जा सकता है। इसके साथ ही ऐप एवं निर्वाचन विभाग की ऑनलाइन सुविधाओं के माध्यम से मतदाता पंजीकरण एवं अन्य निर्वाचन सेवाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
जिला स्वीप टीम द्वारा जिलेभर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता रैली, मतदाता जागरूकता शपथ, प्रश्नोत्तरी, संवाद, मेहंदी प्रतियोगिता, पीले चावल देकर आमजन को मतदान के लिए आमंत्रित एवं जागरूक करना, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम तथा मतदाता जागरूकता के लिए पद एवं दंगल कार्यक्रमों के माध्यम से मतदान का संदेश प्रसारित किया जा रहा है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों द्वारा भी मतदाता जागरूकता का संदेश आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से जिले में अधिकाधिक मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।