
कुपोषण खत्म करना प्रशासन की प्राथमिकता, डीएम समीर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जालौन। जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेंस विभागों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराया जाए। डीएम ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण स्तर में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि कुपोषण को समाप्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पोषण ट्रैकर पर शत-प्रतिशत सत्यापन, समय से डेटा फीडिंग, गृह भ्रमण और बच्चों के वजन एवं लंबाई की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए।
बैठक में गंभीर कुपोषित (SAM) एवं मध्यम कुपोषित (MAM) बच्चों की पहचान, उपचार और फॉलोअप की समीक्षा की गई। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण की नियमित निगरानी करने और पात्र लाभार्थियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण टेक होम राशन (THR) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक में सीएमओ एचएन प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#JalaunNews #oraijalaun #boldobharat #dmjalaun
Orai, Jalaun | Nov 4, 2026