
जैन स्कूल में सजी अदालत | SA News Chhattisgarh
जशपुर | 12-09-2026: श्री महावीर दिगंबर जैन हाई स्कूल, जशपुर नगर में लगातार दूसरे वर्ष आयोजित 'मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026' का फाइनल राउंड शनिवार को पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष न्यायालयीन बहस का मुख्य विषय “Gen Z Protest Case” रखा गया था। इसमें पिटीशनर पक्ष ने अनुच्छेद 19 के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध को आधार बनाया, जबकि रिस्पॉन्डेंट पक्ष ने सार्वजनिक व्यवस्था, कानून के शासन और राष्ट्रीय अखंडता पर दमदार तर्क पेश किए। एक महीने की कड़ी मेहनत और विद्यालय की पूर्व छात्रा व अधिवक्ता श्रीमती उपासना जैन के विशेष मार्गदर्शन में तैयार हुए इन छात्रों ने अपनी कानूनी समझ और वक्तृत्व कौशल से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सत्येंद्र कुमार साहू ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति को अद्भुत बताया। उन्होंने खुले मंच से तारीफ करते हुए कहा कि बच्चों की बहस देखकर एक पल के लिए उन्हें ऐसा लगा मानो वे हाई कोर्ट की वास्तविक सुनवाई में बैठे हों। श्री साहू ने समाज में कानून और नियमों के पालन की अहमियत समझाते हुए कहा कि यदि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझ ले, तो न्यायालयों पर अनावश्यक मुकदमों का बोझ अपने आप कम हो जाएगा।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन विशेष अतिथि, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री जनार्दन खरे द्वारा किया गया। कड़े मुकाबले के बाद ‘Secular’ टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए 'Best Team' और 'Best Memorial' का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। वहीं, ‘Unity & Integrity’ टीम के होनहार छात्र अस्मित खलखो को उनके तार्किक और प्रभावशाली वक्तव्य के लिए 'Best Speaker' चुना गया। कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ता उपासना जैन को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए विशेष मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन छात्रों के लिए संविधान और नागरिक कर्तव्यों को समझने का एक शानदार व्यावहारिक मंच साबित हुआ।
#Jashpur #ChhattisgarhNews #MootCourt #LegalAwareness #GenZProtest #StudentSuccess #SMDJainSchool #SANewsChhattisgarh