
सराहन बुशहर में 21 अक्टूबर को सजेगा भव्य दशहरा महोत्सव
राजमाता प्रतिभा सिंह होंगी मुख्य अतिथि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शोभा यात्रा और महिला मंडल की रहेगी विशेष प्रस्तुति
लोकेन्द्र सिंह वैदिक/लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
सराहन बुशहर में बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चरल एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन के सौजन्य से दशहरा महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 21 अक्टूबर 2026, बुधवार को सराहन बुशहर में आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में पूर्व मंडी लोकसभा सांसद राजमाता प्रतिभा सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। महोत्सव के दौरान क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति, लोक कला और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव में शोभा यात्रा, महिला मंडल की प्रस्तुतियां तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। हिमाचली संस्कृति और स्थानीय परंपराओं की झलक कार्यक्रम में देखने को मिलेगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का प्रारंभ रात्रि 8:00 बजे से होगा तथा आयोजन स्थल सराहन बुशहर रहेगा। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
आयोजक संस्था ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दशहरा महोत्सव की शोभा बढ़ाने और हिमाचली संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।