
बागपत: पॉलिटेक्निक कॉलेज में डिप्लोमा लेने जा रहे 35 वर्षीय युवक की मौत, सीने में दर्द के बाद जिला अस्पताल में मृत घोषित
बागपत के बड़ौत स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में डिग्री लेने जा रहे बिजनौर निवासी 35 वर्षीय पंकज की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पंकज मूल रूप से बिजनौर जिले के रामठेरा गांव के रहने वाले थे और ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर से अपने साथी गीताराम के साथ कार से बड़ौत जा रहे थे।
गीताराम के अनुसार, पंकज ने बड़ौत के पॉलिटेक्निक कॉलेज से एक कोर्स किया था और उसका डिप्लोमा लेने के लिए बड़ौत आ रहे थे। मंगलवार सुबह दोनों गाजियाबाद में नाश्ता करने के बाद कार से निकले थे। रास्ते में पंकज को सीने में हल्का दर्द हुआ, जिस पर उन्होंने मेडिकल स्टोर से टैबलेट ले ली।
इसके बाद ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द होने लगा। साथी गीताराम उन्हें दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल के डॉक्टर अर्जुन ने बताया कि पंकज को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
पंकज परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. विभाष राजपूत ने लोगों से अपील की कि सीने में दर्द होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें और तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं। उन्होंने युवाओं को खानपान, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
Baghpat, Bagpat | Jun 23, 2026