
वार्ड 04 में भाजपा का जनसंपर्क, नारायण पंचारिया के समर्थन में मांगे वोट
नोखा। नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने वार्ड नं. 04 में चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी नारायण पंचारिया के समर्थन में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वार्ड में सघन जनसंपर्क कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान नोखा चुनाव प्रभारी सुनील यादव, नोखा शहर प्रभारी कोजूराम सारस्वत, चुनाव समन्वयक शिवरतन ओझा एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री भंवरलाल जांगीड़ सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद किया।
नोखा शहर प्रभारी कोजूराम सारस्वत ने कहा कि वार्डवासियों में भाजपा के प्रति उत्साह और विश्वास स्पष्ट दिखाई दे रहा है। भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास एवं सुशासन की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। नगर निकाय में भी भाजपा को मजबूत करने के लिए वार्ड 04 की जनता से नारायण पंचारिया के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
नोखा चुनाव प्रभारी सुनील यादव ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत के साथ चुनाव मैदान में सक्रिय है। वार्ड 04 में जनसंपर्क के दौरान जनता का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी नारायण पंचारिया को विजयी बनाकर वार्ड के विकास को नई गति देने का अवसर जनता प्रदान करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क मजबूत करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थक उपस्थित रहे।