
नगर निगम ने जर्जर चौरसिया भवन पर चलवाया बुल्डोजर , बना था खतरे का पर्याय
रीवा। निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देशानुसार रीवा शहर में लगातार हो रही बारिश एवं अतिवृष्टि को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम रीवा की टीम द्वारा जर्जर एवं भयप्रद भवनों का निरीक्षण कर उन्हें गिराने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड क्रमांक 22 में सफारी के बगल में स्थित कपिल चौरसिया के भवन का नगर निगम रीवा के सहायक यंत्री एवं उपयंत्री द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवन अत्यंत जर्जर एवं भयप्रद स्थिति में पाया गया। भवन अमहिया रोड के व्यस्ततम मार्ग पर स्थित होने के कारण दुकान संचालन के लिए अनुपयुक्त था तथा इसके किसी भी समय गिरने की संभावना थी।
नगर निगम द्वारा भवन स्वामी को जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि उक्त भवन की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण इसे 24 घंटे के भीतर स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 310 के तहत जारी सूचना में भवन स्वामी को निर्देशित किया गया था कि भवन को सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि में भवन नहीं हटाए जाने की स्थिति में नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सहयोग से जेसीबी की सहायता से भवन को गिराने की कार्रवाई की गई। नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वर्षा एवं अतिवृष्टि के दौरान जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे सभी जर्जर एवं भयप्रद भवनों पर नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विगत दिवस में वार्ड 20 रानीगंज में सफाई गोदाम की भयप्रद दीवाल भी गिराई गई थी एवं उपरहटी वार्ड 36 में भयप्रद भवन गिराने की भी कार्यवाही की गई थी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जर्जर भवनों के आसपास न जाएं और ऐसे भवनों में निवास अथवा व्यवसाय संचालित करने से बचें।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला, सहायक यंत्री कमलेश्वर सिंह, उपयंत्री अमन सिंह तिवारी, अतिक्रमण प्रभारी राजेश चतुर्वेदी, सुखेंद चतुर्वेदी, अतिक्रमण सहायक ज्ञानेन्द्र द्विवेदी, अतिक्रमण टीम एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।