मऊगंज में अभिलेखागार का शुभारंभ, जिला मुख्यालय पर ही सहजता से मिलेंगे आवश्यक अभिलेख जिला न्यायाधीश ने किया शुभारंभ
--------
किसानों एवं नागरिकों को अभिलेख प्राप्त करने के लिए दूरस्थ कार्यालयों के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
--------
आमजन को आवश्यक अभिलेख आसानी से उपलब्ध कराने तथा नागरिक सेवाओं को अधिक सुगम बनाने की दिशा में मऊगंज जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला मुख्यालय में अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम) का शुभारंभ जिला न्यायाधीश श्री विवेक बुखारिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अभिलेखागार के प्रारंभ होने से जिले के किसानों एवं नागरिकों को आवश्यकता के अनुसार संबंधित रिकॉर्ड एवं अभिलेख जिला मुख्यालय पर ही उपलब्ध हो सकेंगे। इससे अभिलेख प्राप्त करने के लिए अन्य स्थानों अथवा संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और नागरिकों के समय एवं श्रम की बचत होगी।
नागरिक सुविधा को मिलेगी नई गति
अभिलेखागार की सुविधा विशेष रूप से उन किसानों एवं नागरिकों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें विभिन्न शासकीय, राजस्व, न्यायिक अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पुराने रिकॉर्ड एवं संबंधित अभिलेखों की आवश्यकता होती है। जिला मुख्यालय पर अभिलेखों की उपलब्धता से संबंधित कार्यों के निराकरण में भी सुविधा होगी।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री विवेक बुखारिया ने अभिलेखागार को नागरिकों की सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि अभिलेखों की सहज उपलब्धता से आमजन को अपने कार्यों के लिए आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा होगी। इससे नागरिकों को समय पर अभिलेख उपलब्ध कराने और कार्यों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। रिकॉर्ड रुम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, उपलब्धता तथा नागरिकों को आवश्यक रिकॉर्ड निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने भी अभिलेखागार की पहल को नागरिक सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आवश्यक रिकॉर्ड की सहज उपलब्धता से आमजन को अपने विभिन्न कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पीके पांडेय , एसडीम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#mauganj