बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि का तत्काल वितरण करें : उप मुख्यमंत्री श्री Rajendra Shukla
बीहर नदी तथा नालों को चौड़ा करके जल निकासी की दीर्घकालिक कार्य योजना बनाएं : उपमुख्यमंत्री
___________________________
उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में रीवा शहर में बाढ़ की समस्या को दूर करने के लिए किए जा रहे हैं उपायों की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व अमला बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का तत्काल सर्वे करके मकान, घरेलू सामग्री तथा अन्य नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर पीड़ितों को राहत राशि का वितरण कराए। सर्वे का कार्य संवेदनशीलता से करें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा शहर को जल भराव और बाढ़ की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए दीर्घकालीन प्रयास करने की आवश्यकता है, इसके लिए बीहर नदी को चौड़ा करने तथा सभी नालों को चौड़ा करने के लिए दीर्घकालीन कार्य योजना बनाएं। शहर के बाहरी क्षेत्र से नदी की ओर आने वाले पानी को भी शहर के बाहर से ही नदी में मिलाने के लिए जल संरचना बनाएं। सभी नालों को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करें तथा उनके किनारे के अतिक्रमण हटाए। कच्चे नालों को पक्का बनाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करें। जल संसाधन विभाग के बीहर नदी के छोटी पुल से करहिया पुल तक तथा करहिया पुल से बाईपास पुल तक नदी की चौड़ाई कम से कम 160 मीटर रखने की कार्य योजना बनाएं। इसके लिए नगर निगम, जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के इंजीनियर मिलकर कार्य योजना तैयार करें। झिरिया नाले के नदी में मिलने से पहले आने वाले मोड को हटाकर नाले को सीधे नदी में मिलाएं जिससे पानी तेजी से नदी में जा सके। एनजीटी के प्रावधानों के अनुसार नदी से 30 मीटर तथा नाले से 9 मीटर की दूरी तक की सभी बाधाएं दूर करके उनके तटबंधों को सुरक्षित करें। शहर के नालों की बारिश से पहले पूरी साफ सफाई न होने से भी जल की निकासी में बाधा आई। आयुक्त नगर निगम नालों की सफाई का अभियान चलाएं। बीहर नदी में रिवर फ्रंट का निर्माण होने से इससे लगे हुए बस्तियों में बाढ़ का प्रकोप नहीं हुआ। यदि छोटी पुल के आगे दोनों ओर रिवर फ्रंट का निर्माण कर दिया जाए तो पद्मधर कॉलोनी में बाढ़ से राहत मिल सकती है।
बैठक में नगर निगम अध्यक्ष श्री वेंकटेश पांडेय तथा जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता ने बाढ़ की समस्या को दूर करने के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। बैठक में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने बाढ़ राहत कार्यों की जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि रीवा शहर और जिले भर में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रो का सर्वे शुरू कर दिया गया है। ग्राम भटलों में 600 घरों तथा रीवा शहर के निपानिया मोहल्ले में प्रभावित घरों का सर्वे हो गया है। सर्वे का कार्य तीन दिनों में पूरा करके राजस्व परिपत्र के प्रावधान कें अनुरूप राहत राशि का वितरण किया जाएगा। बैठक में पार्षद श्री दीनानाथ वर्मा, श्री राजेश पांडेय, श्री विवेक दुबे, श्री केके गर्ग, एसडीएम हुजूर डॉ अनुराग तिवारी, तहसीलदार अनुपम पांडे, जल संसाधन विभाग के कार्य पालन यंत्री , नगर निगम के इंजीनियर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा
Rewa, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026