
जांच में अनियमितता मिलने पर खाद की दुकान सीज की अधिकारियों ने
किसानों द्वारा जिलाधिकारी से की गई ओवररेटिंग की शिकायत पर हुई छापामार कार्रवाई
कोंच। किसानों की शिकायत पर जिलाधिकारी समीर के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को अधिकारियों ने कस्बे में खाद की एक प्राइवेट दुकान पर छापा मारकर अभिलेख जांचें। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर उक्त दुकान अधिकारियों के निर्देश पर सीज कर दी गई है। एसडीएम ने कहा है कि किसानों को फसल बुआई के लिए सुगमता के साथ खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे में गल्ला मंडी गेट के सामने जय बालाजी इंटरप्राइजेज नामक खाद की एक प्राइवेट दुकान पर शनिवार को एसडीएम अभिनव कुमार ने सीओ परमेश्वर प्रसाद व कृषि अधिकारी गगनदीप सिंह के साथ छापा मारा। अधिकारियों ने दुकान में उपलब्ध खाद का स्टॉक व अभिलेख जांचें तो अनियमितता सामने आई। दुकान में उपलब्ध खाद और बिक्री में गड़बड़ी सामने आने पर अधिकारियों के निर्देश पर दुकान सीज कर दी गई। पूरे मामले में एसडीएम का कहना है कि किसानों द्वारा खाद वितरण में गड़बड़ी और ओवर रेटिंग की शिकायत की गई थी जिसको लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच की गई है। जांच में स्टॉक रजिस्टर में अनियमितता पाए जाने पर दुकान सीज की गई है। इस दौरान कृषि विभाग के कर्मचारियों सहित सदर लेखपाल दिग्विजय मौजूद रहे। एसडीएम ने सभी प्राइवेट दुकानदारों को ओवररेटिंग नहीं करने की कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि गड़बड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Konch, Jalaun | Oct 10, 2026