
आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर जमुई जिले के प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल व सोशल मीडिया से जुड़े समस्त पत्रकार बंधुओं, संवाददाताओं, छायाकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रेस जगत के सभी कर्मियों को हृदय से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
स्वतंत्रता आंदोलन की संघर्षपूर्ण यात्रा से लेकर राष्ट्र निर्माण और लोकतंत्र की सुदृढ़ता तक, मीडिया ने सदैव जनचेतना को स्वर देने, जनसरोकारों को अभिव्यक्ति प्रदान करने तथा शासन-प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद का सेतु बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पत्रकारिता केवल घटनाओं का आईना नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने, व्यवस्था को सजग बनाने और सकारात्मक बदलाव की राह प्रशस्त करने वाली सशक्त आवाज भी है।
जमुई के संदर्भ में आपका योगदान और भी विशेष महत्व रखता है। जिले की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत ,पर्यटन की असीम संभावनाओं, विकास की नई उपलब्धियों और सुदूरवर्ती क्षेत्रों की जनसमस्याओं को प्रमुखता से सामने लाकर आप सभी ने जमुई की वास्तविक तस्वीर को व्यापक पहचान दिलाई है। विशेष रूप से नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ते जमुई की बदलती पहचान को जन-जन तक पहुँचाने में आपकी सजग लेखनी, निर्भीक आवाज और कैमरे की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।
एक जिला पदाधिकारी के रूप में मेरा मानना है कि जिले के विकास की यात्रा केवल प्रशासनिक प्रयासों से पूरी नहीं हो सकती, बल्कि इसमें मीडिया का रचनात्मक सहयोग, जनभागीदारी और सकारात्मक संवाद भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। प्रशासन और मीडिया के बीच आपसी विश्वास, पारदर्शिता एवं सहयोग की भावना ही विकास के प्रयासों को व्यापक जनसमर्थन और सार्थक दिशा प्रदान करती है।
मुझे विश्वास है कि हमारी यह साझेदारी आगे भी जमुई की विकास यात्रा को नई गति देने और जिले की गौरवशाली पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।
आपकी लेखनी की संवेदनशीलता, अभिव्यक्ति की निर्भीकता और जनहित के प्रति आपकी प्रतिबद्धता लोकतंत्र को सदैव मजबूत करती रहे। समाज की आवाज बनकर आप इसी निष्ठा, निष्पक्षता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें। इसी आशा, विश्वास और कामना के साथ पुनः आप सभी राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ।
नवीन
जिला पदाधिकारी,जमुई
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar Home Department, Govt. of Bihar
Jamui, Bihar | Nov 17, 2026