
#बालाघाट
ज्ञान भारतम् मिशन को लेकर प्रशासन सक्रिय
प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण हेतु जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान
भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित "ज्ञान भारतम् मिशन" के तहत बालाघाट जिले में प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों की खोज, दस्तावेजीकरण एवं डिजिटलीकरण के लिए व्यापक अभियान शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा विकसित "ज्ञान भारतम् एप" के माध्यम से नागरिक अपने पास सुरक्षित पुरानी साहित्यिक, धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की हस्तलिखित पांडुलिपियों की जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कमिश्नरों एवं कलेक्टरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया था।
प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जिले के निजी शोध संस्थानों, महाविद्यालयों, पुस्तकालयों, मंदिरों, मठों, आश्रमों, निजी ट्रस्टों तथा अन्य संस्थाओं में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों की पहचान कर उनकी जानकारी ज्ञान भारतम् एप पर दर्ज करवाएं। इसके साथ ही आम नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
गौरतलब है कि "ज्ञान भारतम् मिशन" की घोषणा केंद्रीय बजट 2025 में की गई थी। मिशन का मुख्य उद्देश्य देशभर में बिखरी हुई हस्तलिखित ज्ञान-संपदा का सर्वेक्षण कर उसे डिजिटल स्वरूप में संरक्षित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास किसी भी प्रकार की प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपि उपलब्ध हो, तो उसकी जानकारी ज्ञान भारतम् एप पर अपलोड कर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनें। प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग से जिले में उपलब्ध दुर्लभ पांडुलिपियों का संरक्षण और दस्तावेजीकरण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
#GyanBharatamMission #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MinOfCultureGoI #minculturemp